


पूर्णिया। पूर्णिया प्रमंडल आदिवासी छात्र एवं युवा समिति द्वारा झील टोला बाघमारा स्थित स्थानीय फुटबॉल मैदान में आयोजित 15 दिवसीय 43वीं फुटबॉल चैंपियनशिप एवं अन्य खेलकूद प्रतियोगिता के पांचवें दिन खेले गए मुकाबले में आदिवासी यूनाइटेड क्लब, मरियम नगर (पूर्णिया) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बागडोगरा केएफसी, पश्चिम बंगाल को 6-0 के बड़े अंतर से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

मुकाबले की शुरुआत से ही आदिवासी यूनाइटेड क्लब ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। टीम के स्टार खिलाड़ी दिलीप मुर्मू ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागे और अपनी टीम की जीत के नायक बने।
मैच के 17वें मिनट में दिलीप मुर्मू (जर्सी नंबर-10) ने पहला गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद 22वें मिनट में अजय मरांडी (जर्सी नंबर-7) ने दूसरा गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया। 28वें मिनट में दिलीप मुर्मू ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल किया। मध्यांतर के बाद भी आदिवासी यूनाइटेड क्लब का दबदबा कायम रहा। दूसरे हाफ के सातवें मिनट में दिलीप मुर्मू ने तीसरा व्यक्तिगत और टीम का चौथा गोल किया। इसके बाद लेखक मुर्मू ने पांचवां गोल दागकर जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। मैच के अंतिम चरण में दिलीप मुर्मू ने एक और गोल कर अपना चौथा व्यक्तिगत तथा टीम का छठा गोल पूरा किया। निर्धारित समय तक बागडोगरा केएफसी कोई गोल नहीं कर सकी और मुकाबला 6-0 से आदिवासी यूनाइटेड क्लब के पक्ष में समाप्त हुआ।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए आदिवासी यूनाइटेड क्लब के खिलाड़ी दिलीप मुर्मू (जर्सी नंबर-10) को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। उन्हें मुख्य अतिथि एवं उपनिरीक्षक सत्यनारायण सोरेन ने स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
मुकाबले का संचालन मुख्य निर्णायक राहुल तिर्की ने किया। उनके साथ रजनीश कुमार पांडेय, राजेश मुर्मू, हर्षित आनंद एवं अभिषेक मिश्रा निर्णायक मंडल में शामिल रहे। मैच का आंखों देखा हाल संजय सोरेन, शुभम आनंद, टिंकू बाड़ा एवं प्रवीण ने प्रस्तुत किया, जबकि फोटोग्राफी की जिम्मेदारी विष्णु सोरेन, प्रिंस तिर्की, सिमोन तिग्गा एवं जैकस ने निभाई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ब्रजकिशोर उर्फ बंटू यादव, गुनेश्वर उरांव, लक्मी उरांव, तलेश्वर टुड्डू, महेंद्र उरांव, योगेंद्र उरांव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमियों ने मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं में खेल भावना और अनुशासन का विकास करना है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिदिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं, जिससे दर्शकों का उत्साह भी लगातार बढ़ रहा है।
समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का छठा मुकाबला 6 अगस्त को अपराह्न 3:30 बजे चला आओ स्पोर्टिंग क्लब, सीसाबाड़ी (पूर्णिया) और गोरखा यूनाइटेड एफसी, नेपाल के बीच खेला जाएगा। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
















