


अधिकारियों की अनुपस्थिति और प्रचार-प्रसार में कमी पर जताई नाराजगी
पूर्णिया। पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित सहयोग शिविरों का बुधवार को विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सभी आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सहयोग शिविर पूर्णिया नगर निगम के वार्ड संख्या 1, 2, 3 एवं 15 के लिए सिपाही टोला बाल मध्य विद्यालय, जबकि ईस्ट ब्लॉक क्षेत्र के बीरपुर पंचायत भवन एवं रामपुर पंचायत सरकार भवन में लगाए गए थे। तीनों शिविरों में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन जमा किए।
निरीक्षण के दौरान विधायक विजय खेमका ने कुछ विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति तथा शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार में कमी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। साथ ही शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया।
विधायक ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित सहयोग शिविर योजना आम जनता के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इस पहल के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयास से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।
शिविर के दौरान विधायक विजय खेमका ने जी-राम-जी योजना के अंतर्गत लाभुकों के बीच जॉब कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र तथा मृत्यु प्रमाण-पत्र का भी वितरण किया। उन्होंने लाभार्थियों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर बनवाने की अपील की।
सहयोग शिविर में नगर निगम के वार्ड पार्षद, पंचायतों के मुखिया, उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। वहीं जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के निदेशक, जिला कोषागार पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ), राजस्व पदाधिकारी, बीपीआरओ, कार्यक्रम पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
















