5
(1)

बुनियाद केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर समीक्षा बैठक

पूर्णिया।
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पूर्णिया के सहायक निदेशक अमरेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को बुनियाद केंद्रों के माध्यम से संचालित SAPSrC योजना के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा-सह-योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, अनुमंडल कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, विभिन्न बुनियाद केंद्रों के केंद्र प्रबंधक तथा संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

बैठक का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों तक विभागीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना तथा जागरूकता कार्यक्रमों के संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।

बैठक को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक अमरेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक बुनियाद केंद्र पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप प्रभावी एवं सार्थक ढंग से किया जाए। उन्होंने केंद्र प्रबंधकों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के आयोजन से पूर्व व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिक कार्यक्रमों में भाग लेकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, स्वास्थ्य एवं पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, योग एवं नियमित व्यायाम, कानूनी अधिकारों, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल सेवाओं तथा सम्मानजनक एवं सक्रिय जीवनशैली से संबंधित विषयों की विस्तृत जानकारी दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहें, बल्कि उन्हें संवादात्मक और सहभागितापूर्ण बनाया जाए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव हो सके।

सहायक निदेशक ने निर्देश दिया कि सभी बुनियाद केंद्रों पर SAPSrC योजना की गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसके तहत स्वास्थ्य जांच, योग एवं व्यायाम, समूह चर्चा, परामर्श सत्र, मनोरंजक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के मानसिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी गतिविधियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित हों तथा प्रत्येक लाभार्थी को सम्मानपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कार्यक्रमों के दौरान स्वच्छता, अनुशासन और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।

बैठक में लाभार्थियों की उपस्थिति पंजी, गतिविधियों के अभिलेखीकरण, आवश्यक दस्तावेजों के संधारण, कार्यक्रम की फोटोग्राफी तथा विस्तृत प्रतिवेदन समय पर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी अनुश्रवण किया जा सके।

अमरेश कुमार ने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि बुनियाद केंद्र केवल सेवा प्रदान करने का माध्यम नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण मंच हैं। उन्होंने सभी केंद्रों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए वरिष्ठ नागरिकों तक अधिकतम लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में सभी केंद्र प्रबंधकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को जनजागरूकता कार्यक्रमों के सफल, प्रभावी एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: