


पूर्णिया ।सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रज्ञान सभागार में आयोजित “सबका सम्मान-जीवन आसान (ईज ऑफ लिविंग)” कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों ने कुल 15 आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। डीएम ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र निष्पादन एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर अनुमंडल, प्रखंड एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित होकर लोगों की शिकायतें सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए।
जिला प्रशासन ने बताया कि सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत यह कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जिला मुख्यालय, अनुमंडल, प्रखंड तथा पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जाता है, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-242319, 06454-242317 एवं 06454-242320 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने का उल्लेख करते हुए अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण, बिक्री अथवा सेवन की सूचना स्थानीय थाना या टोल फ्री नंबर 15545 पर देने की अपील की गई है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
















