5
(2)

पूर्णिया । कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कटिहार प्रभारी बिजेंद्र यादव ने राज्य में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं के पलायन को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार बढ़ती महंगाई और रोजगार के अभाव के कारण आम जनता गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रही है।

बिजेंद्र यादव ने कहा कि आवश्यक खाद्य सामग्री, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, बिजली तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे व्यवसायियों का जीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने कहा कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण लाखों शिक्षित एवं कुशल युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। कांग्रेस पार्टी द्वारा समय-समय पर आयोजित रोजगार शिविरों में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि राज्य में रोजगार की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

बिजेंद्र यादव ने कहा कि यदि राज्य में उद्योगों की स्थापना, कृषि आधारित रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जाता तो युवाओं को अपने ही राज्य में सम्मानजनक रोजगार मिल सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि कई विभागों में कर्मचारियों को समय पर वेतन तक नहीं मिल रहा है, जिससे सरकार की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं।

उन्होंने सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने, युवाओं के लिए स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करने, रिक्त सरकारी पदों पर पारदर्शी एवं समयबद्ध नियुक्तियां सुनिश्चित करने तथा उद्योग, शिक्षा और कौशल विकास को प्राथमिकता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पलायन की समस्या का स्थायी समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि महंगाई से राहत, रोजगार की गारंटी और विकास के लिए ठोस एवं जवाबदेह कार्रवाई चाहती है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: