


भागलपुर । इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सहरसा विधायक आई.पी. गुप्ता एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को भागलपुर पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी के भागलपुर जिला इकाई के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने ज्ञानू गुप्ता के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान आई.पी. गुप्ता ने कहा कि पार्टी मिशन 2029 और 2030 को लेकर पटना में एक बड़े कार्यक्रम की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
आई.पी. गुप्ता ने कहा कि बिहार सरकार ने सवर्ण समाज की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक जिले में नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति संबंधी विधेयक पारित किया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सवर्ण समाज के लिए नोडल पदाधिकारी की व्यवस्था की जा सकती है, तो पिछड़ा, अतिपिछड़ा, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए भी ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर पार्टी आने वाले दिनों में गांव-गांव अभियान चलाएगी।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार आलोचनात्मक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि यदि आम नागरिक, मीडिया या सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार अथवा प्रशासन के खिलाफ अपनी बात रखते हैं, तो उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाती है।
इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















