5
(2)

पूर्णिया। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत संचालित एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र, पूर्णिया में एथलेटिक्स (बालक वर्ग) के लिए नए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया 16 अगस्त को आयोजित की जाएगी। यह चयन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के पत्रांक 3703 दिनांक 10 अगस्त 2026 के आलोक में इंदिरा गांधी स्टेडियम, पूर्णिया में होगा।

जानकारी के अनुसार, इस चयन प्रक्रिया में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के 12 बालक खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए बिहार सरकार के खेल विभाग द्वारा प्रशिक्षकों एवं चयनकर्ताओं की नियुक्ति कर दी गई है। चयनित खिलाड़ियों को एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में नियमित खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ रहने, खाने, पढ़ाई, खेल सामग्री एवं ड्रेस की सभी सुविधाएं राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा सुनहरा अवसर

जिला एथलेटिक संघ के सचिव एम.एच. रहमान ने बताया कि पूर्णिया पहले से ही खेल प्रतिभाओं की उर्वर भूमि रहा है। विशेषकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में एथलेटिक्स के क्षेत्र में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सही प्रशिक्षण मिलने पर ये खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जिला एथलेटिक संघ के तत्वावधान में हर वर्ष जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही हैं। इस वर्ष भी जिले के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कुल 27 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ से बढ़ा खिलाड़ियों का उत्साह

एम.एच. रहमान ने कहा कि राज्य सरकार की “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” नीति से खिलाड़ियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में भी खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और वे भविष्य को लेकर अधिक आशान्वित हैं।

उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि जिन बच्चों की एथलेटिक्स में थोड़ी भी रुचि है, उन्हें चयन प्रक्रिया में अवश्य शामिल कराएं ताकि वे सरकारी आवासीय प्रशिक्षण का लाभ उठाकर अपने खेल करियर को नई दिशा दे सकें।

सुबह 8 बजे से शुरू होगी चयन प्रक्रिया

चयन प्रक्रिया 16 अगस्त को सुबह 8 बजे से इंदिरा गांधी स्टेडियम, पूर्णिया में आयोजित होगी। आयोजकों ने सभी इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है। उनका कहना है कि यह चयन शिविर जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: