


नवगछिया । लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर नवगछिया अनुमंडल शिक्षा स्वयंसेवक संघ की बैठक मंगलवार को गोपालपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय तिरासी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा स्वयंसेवक संघ के सचिव पलटन रजक ने की, जबकि संचालन राकेश कुमार रजक ने किया। बैठक में अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों से आए शिक्षा स्वयंसेवकों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सरकार से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करने की मांग की गई। शिक्षा स्वयंसेवकों ने कहा कि यदि जल्द ही बकाया मानदेय जारी नहीं किया गया तो जिले के सभी शिक्षा स्वयंसेवक सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

अनुमंडल अध्यक्ष शंभू कुमार रजक ने कहा कि लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं होने के कारण शिक्षा स्वयंसेवकों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है, बावजूद इसके वे पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से अविलंब लंबित मानदेय जारी करने की मांग की।
बैठक में उपाध्यक्ष सुलेखा कुमारी, प्रखंड अध्यक्ष सीता कुमारी, महासचिव प्रकाश रजक सहित बड़ी संख्या में शिक्षा स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।
















