


पूर्णिया प्रमंडल आदिवासी छात्र एवं युवा समिति, पूर्णिया के तत्वावधान में झील टोला बाघमारा स्थित स्थानीय फुटबॉल मैदान में आयोजित 15 दिवसीय 43वीं फुटबॉल चैंपियनशिप एवं अन्य खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के 13वें दिन गुरुवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में फुटबॉल क्लब बक्सा घाट, पूर्णिया ने सारजोम बागान एफसी, फालका (कटिहार) को 2-0 से हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में दोनों ओर से कई शानदार मूव देखने को मिले, लेकिन 18वें मिनट में टैना हेमब्रम (जर्सी नंबर-15) ने शानदार गोल दागकर बक्सा घाट पूर्णिया को 1-0 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर तक यही स्कोर कायम रहा।

दूसरे हाफ में भी पूर्णिया की टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा। मैच के 38वें मिनट में टीम के कप्तान श्याम सोरेन (जर्सी नंबर-07) ने दूसरा गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद कटिहार की टीम वापसी नहीं कर सकी और निर्धारित समय तक यही स्कोर बना रहा। इस तरह फुटबॉल क्लब बक्सा घाट, पूर्णिया ने 2-0 की शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
कटिहार टीम की कप्तानी बिरजू सोरेन ने की, जबकि अशोक हांसदा गोलकीपर रहे। वहीं विजेता टीम पूर्णिया की कप्तानी श्याम सोरेन ने संभाली और सूरज मरांडी ने गोलकीपर की जिम्मेदारी निभाई। पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासित और शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिसकी दर्शकों ने जमकर सराहना की।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टैना हेमब्रम को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें प्रतियोगिता के संयोजक मायाराम उरांव ने स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में मुख्य निर्णायक की भूमिका राजेश मुर्मू ने निभाई। उनके साथ हर्षित आनंद, राहुल तिर्की, रजनीश कुमार पांडेय, उपेंद्र बेसरा, अमित लकड़ा और अरुण मरांडी ने निर्णायक मंडल में अपनी सेवाएं दीं।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 14 अगस्त को अपराह्न 3:30 बजे से गरगरी आदिवासी क्लब, हरिश्चंद्रपुर (पश्चिम बंगाल) और सरना फुटबॉल क्लब, पूर्णिया के बीच खेला जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में समीर मुर्मू, सिल्वरियस कुजूर, के.डी. हेमब्रम, नंदलाल बेसरा, मुकेश बड़ा एवं योगेंद्र उरांव सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में संयोजक मायाराम उरांव, सह-संयोजक हरी कुजूर, अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार उरांव, महासचिव नवीन लकड़ा सहित आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
















