


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और झारखंड में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा खोल दिया है। परिषद की भागलपुर इकाई की ओर से आज भामाशाह चौक पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
ABVP के प्रदेश सह मंत्री कुणाल पांडेय ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता विद्यार्थियों के भविष्य से सीधे जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC-JSSC परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने झारखंड में परीक्षा की पारदर्शिता और अपने अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई को भी गंभीर मामला बताया। कुणाल पांडेय ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांग रखने वाले विद्यार्थियों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
ABVP ने स्पष्ट किया कि छात्र हित और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता के मुद्दे पर उसका आंदोलन लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। परिषद का कहना है कि विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार के अन्याय का विरोध किया जाएगा।
पुतला दहन कार्यक्रम में विभाग संयोजक सूर्यप्रताप दुबे, जिला संगठन मंत्री राजीव रंजन, जिला संयोजक पीयूष भारती, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य किशन सोनी, हर्ष मिश्रा, दिव्यांशु शर्मा, प्रणव यादव, श्रवण, मोहित लक्षण, कुणाल, साक्षी, चुनमुन और रितिका समेत अन्य कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है।
















