


पूर्णिया : पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था ग्रीन पूर्णिया ने अनूठी पहल शुरू की है। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए ग्रीन पूर्णिया ने यह पहल शुरू की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने बच्चे के जन्मदिन पर एक पौधा लगाने का संकल्प ले, तो पूर्णिया समेत पूरे देश को हराभरा और प्रदूषणमुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने शहरवासियों को संस्था की ओर से विशेष प्रस्ताव देते हुए कहा कि यदि किसी के घर में बच्चे का जन्मदिन है, तो वे केवल पौधारोपण के लिए जगह की जानकारी संस्था को उपलब्ध कराएं। ग्रीन पूर्णिया की टीम वहां पहुंचकर बच्चे के नाम पर पौधा लगाएगी और उसके संरक्षण एवं देखभाल में भी सहयोग करेगी।
इसी अभियान के तहत 16 अगस्त को शहर के प्रेक्षागृह परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने मिलकर परिसर में 25 पौधे लगाए। साथ ही पौधों के संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी ली गई, ताकि भविष्य में ये पौधे लोगों को शुद्ध हवा और छाया प्रदान कर सकें।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि ग्रीन पूर्णिया पिछले तीन वर्षों से शहर को हरा-भरा एवं सुंदर बनाने के अभियान में लगातार जुटी हुई है। संस्था और जनभागीदारी के सहयोग से अब तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 6 हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल को भी सुनिश्चित करना है।
स्थानीय लोगों ने ग्रीन पूर्णिया की इस पहल की सराहना की है। संस्था का मानना है कि बच्चों के जन्मदिन पर उनके नाम से पौधा लगाने से भावी पीढ़ी में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति लगाव एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।
















