


भागलपुर। कजरेली थाना क्षेत्र के बेलसीरा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब 30 भर चांदी के जेवरात, दो हजार रुपये नगद समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी की घटना सामने आने के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना कजरेली थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

बताया जाता है कि बिजली का रिचार्ज खत्म होने के कारण घर में बिजली नहीं थी। गर्मी अधिक होने के चलते गृहस्वामी और परिवार के अन्य सदस्य छत पर सोने चले गए थे, जबकि घर के आंगन में गृहस्वामी की सास सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश कर खिड़की के रास्ते अंदर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर में रखे बक्से को खंगालकर उसमें रखे करीब 30 भर चांदी के जेवरात और लगभग दो हजार रुपये नगद निकाल लिए। इसके अलावा घर में रखा अन्य सामान भी चोर अपने साथ ले गए।
गृहस्वामी पुशो देवी ने बताया कि बिजली नहीं रहने के कारण परिवार के सभी सदस्य गर्मी से बचने के लिए छत पर सोने चले गए थे। इसी दौरान चोर खिड़की के रास्ते घर में घुस गए और बक्से में रखे चांदी के जेवरात एवं नगद रुपये समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे आए और घर के सामान को बिखरा हुआ देखा तो चोरी की घटना का पता चला।
बाइट—पुशो देवी, गृहस्वामी
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल चोरी में शामिल किसी भी आरोपित की पहचान नहीं हो सकी है। कजरेली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस घर के आसपास के संभावित रास्तों एवं संदिग्ध गतिविधियों की भी जानकारी ले रही है।
इधर, चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
















