


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। T.N.B. कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग में पढ़ाई कर रहे छात्रों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। जर्जर कक्षाएं, खराब और कम पंखे, सफाई-रखरखाव की समस्या और इंटर्नशिप की लंबित राशि जैसे मुद्दों को लेकर छात्र प्रतिनिधि मृत्युंजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया।
छात्रों का कहना है कि जिस विभाग में उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलना चाहिए, वहां मूलभूत सुविधाओं के लिए भी आवाज उठानी पड़ रही है। कई पंखे लंबे समय से खराब पड़े हैं, जबकि उपलब्ध पंखों की संख्या भी पर्याप्त नहीं है। गर्मी के बीच कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई करना विद्यार्थियों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है।

आंदोलन का एक बड़ा मुद्दा इंटर्नशिप की लंबित राशि भी रहा। छात्रों ने मांग की कि भुगतान में हो रही देरी को खत्म कर जल्द राशि उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही जर्जर कक्षाओं की मरम्मत, नियमित सफाई और विभाग के रखरखाव की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई गई।
छात्र प्रतिनिधि मृत्युंजय कुमार शर्मा ने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति के विरोध में नहीं, बल्कि छात्रों को जरूरी सुविधाएं दिलाने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान होने तक छात्र हित की आवाज मजबूती से उठाई जाती रहेगी।
NSUI ने भी संभाला छात्रों का मोर्चा
छात्रों के आंदोलन को NSUI नेता अभिनंदन कुमार दास और अमन कुमार प्रीतम ने भी समर्थन दिया। अभिनंदन कुमार दास ने कहा कि विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए आंदोलन करना पड़े, यह कॉलेज प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखीं। छात्रों ने साफ कर दिया कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे भी आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
आंदोलन में राजशेखर, सुमित, ऋतु, शगुन समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अब देखना होगा कि छात्रों की आवाज कॉलेज प्रशासन तक पहुंचने के बाद वनस्पति विज्ञान विभाग की बदहाल व्यवस्था में कितना बदलाव आता है।















