


पूर्णिया। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के जूनियर डिवीजन में हरिओम स्पोर्ट्स एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट जेवियर्स स्कूल गुलाब बाग को तीन विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। स्थानीय जिला स्कूल स्टेडियम परिसर में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर हरिओम स्पोर्ट्स एकेडमी ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट जेवियर्स स्कूल गुलाब बाग की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 106 रन बनाए। टीम की ओर से दिवाकर ने दो छक्के और दो चौकों की मदद से 35 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। हरिओम स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से आयुष ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए, जबकि रुप कर्मकार ने तीन विकेट हासिल किए। 107 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिओम स्पोर्ट्स एकेडमी ने 18.5 ओवर में सात विकेट खोकर 108 रन बनाते हुए तीन विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में रौशन ने 32 रन और आयुष ने 22 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। सेंट जेवियर्स स्कूल की ओर से प्रिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए।
तीन विकेट से जीता हरिओम स्पोर्ट्स एकेडमी, सेंट जेवियर्स स्कूल को हराकर ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ के संस्थापक सदस्य, पूर्व क्रिकेटर एवं स्टेट पैनल ग्रेड-ए अंपायर मो. नैय्यर अली, पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ की पूर्व अध्यक्ष एवं बिहार महिला क्रिकेट टीम की पूर्व मैनेजर स्वाति वैश्यंत्री तथा खेलप्रेमी रविशंकर पाण्डेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। टॉस के बाद राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत हुई। इस अवसर पर ईस्ट जोन के पूर्व चेयरमैन, बिहार अंडर-14 एवं अंडर-16 चयन समिति के पूर्व सदस्य तथा क्रिकेट प्रशिक्षक हरि ओम झा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को देश के महान सपूतों के जीवन, उनके संघर्ष और देशप्रेम से परिचित कराने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा और विशेष रूप से सेंट जेवियर्स स्कूल गुलाब बाग के युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से प्रभावित किया। मुकाबले में आरव और शिवम ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि मनीष स्कोरर रहे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के अभिभावक, वरिष्ठ खिलाड़ी एवं खेलप्रेमियों की मौजूदगी से मैदान का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। इस अवसर पर सेंट जेवियर्स स्कूल गुलाब बाग के प्राचार्य निशांत सिंह, जय कुमार, खेल शिक्षक सूरज कुमार, अभिभावक राकेश कुमार मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता हरिओम स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
















