


नवगछिया। महिला थाना में एक महिला ने आवेदन देकर अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर शादी करने और उसके गर्भवती होने के बाद दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि शादी के बाद आरोपित युवक और उसके परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसकी पुत्री को प्रताड़ित किया जा रहा था। मामले की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद महिला थाना पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी मलिया निवासी आरोपित आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है तथा प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों के संबंध में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
















