5
(1)

नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के तेतरी गांव में घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी की कथित रूप से जमकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। पीड़िता वंदना कुमारी ने आरोप लगाया है कि पति रजनीश कुमार ने उसके साथ मारपीट करने के साथ गला दबाने का भी प्रयास किया। घटना में उसके हाथ, कमर और गर्दन में चोट आई है। गंभीर स्थिति में वंदना ने किसी तरह व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद भागलपुर और खगड़िया से परिजन तेतरी पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर डायल-112 की ERV-2, वैशाली चौक की टीम मौके पर पहुंची। टीम में सिपाही पप्पू कुमार, खुशबू कुमारी और चालक अरुण कुमार शामिल थे। पुलिसकर्मियों ने घायल महिला की स्थिति को देखते हुए तत्काल उसे अपने साथ लिया और इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। डायल-112 टीम की तत्परता से महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया।

पीड़िता वंदना कुमारी के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2016 में रजनीश कुमार के साथ हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। वंदना ने बताया कि पिछले करीब 10 वर्षों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने पर पति उसके साथ मारपीट करते रहे हैं। उसका आरोप है कि कई बार मारपीट का तरीका जानलेवा रहा है। गुरुवार को भी वह अपने दोनों बच्चों को स्कूल जाने के लिए तैयार कर रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद पति ने कथित रूप से उसकी पिटाई शुरू कर दी। महिला के अनुसार पति ने उसके हाथ और कमर पर काफी चोट पहुंचाई तथा उसका गला दबाने का भी प्रयास किया, जिससे गर्दन में भी चोट आई है।

घटना के बाद घायल महिला को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के शरीर में अंदरूनी सूजन काफी अधिक है, जिसके कारण उसे अस्पताल में रखकर उपचार किया जा रहा है। वंदना ने बताया कि उसके पति नवगछिया में बंधन बैंक में कार्यरत हैं। उसका आरोप है कि पति घर और बच्चों के खर्च के लिए पैसे देने से भी इनकार करते हैं और कहते हैं कि उसे जो करना है, वह खुद करे।

पीड़िता की बहन स्मिता कुमारी ने बताया कि उसके बहनोई द्वारा वंदना के साथ अक्सर मारपीट की जाती है। उन्होंने कहा कि वंदना के पिता का निधन हो चुका है। पिता के जीवित रहने के दौरान भी उन्होंने कई बार दामाद और उसके ससुर से बेटी के साथ मारपीट एवं प्रताड़ना नहीं करने की अपील की थी, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

वहीं खगड़िया जिले के रहने वाले पीड़िता के चाचा अजय कुमार ने आरोप लगाया कि वंदना की ननद और नंदोई भी तेतरी में ही रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद की स्थिति बनी रहती है और पति द्वारा अपनी पत्नी के साथ बार-बार मारपीट की जाती है। घटना के बाद पीड़िता के मायके से पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पीड़िता को सुरक्षा देने और दोषी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: