


पूर्णिया : युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल (वीवीआरएस), परोरा में एनसीसी ग्रुप कमांडर के दौरे एवं संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 200 एनसीसी कैडेट्स के साथ 100 सीटीओ, एएनओ, जीसीआई एवं पीआई ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैडेट्स, एनसीसी अधिकारियों और प्रशिक्षकों की मौजूदगी से विद्यालय परिसर पूरे समय अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनसीसी ग्रुप भागलपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अरुण उनियाल रहे। उनके साथ 35 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल उमेश क्षेत्री, सूबेदार मेजर सुरेश चंद्र, प्रशिक्षण जेसीओ सूबेदार ज्ञानजीत सिंह एवं सूबेदार सिकंदर कुमार यादव भी मौजूद रहे। विद्यालय की ओर से सचिव इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्रा एवं प्रधानाचार्य निखिल रंजन ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन संकेत मिश्रा, अमृत आनंद, सोनाली कुमारी एवं सिद्धि ने किया। मंच संचालन के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और कैडेट्स का खूब मनोरंजन किया। मिमिक्री में आराध्या शेखर ने शानदार प्रस्तुति दी। वहीं हर्षवर्धन मिश्रा ने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सुरों का रंग भर दिया।
समूह गीत में शारदा, रुचि, प्रज्ञा प्रियंवदा, सारिका सुमन, लावण्या, खुशी, निशिका, सेल्जा, सिद्धि एवं श्रुति ने सामूहिक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों की खूब सराहना मिली और तालियों से पूरा परिसर गूंज उठा।
समूह नृत्य में अनन्या प्रिया, नीति राज, जानवी, सिद्धि सिंह, माही, प्रभजोत सोढ़ी, सांभवी एवं इशिका साह ने शानदार प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति, युवा ऊर्जा और प्रतिभा की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।
ब्रिगेडियर अरुण उनियाल ने कैडेट्स को किया प्रेरित
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर अरुण उनियाल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से अनुशासन, समय की पाबंदी, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले युवा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनके प्रेरणादायी संबोधन से कैडेट्स में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
उत्कृष्ट कैडेट्स को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे कैडेट्स का उत्साह बढ़ा और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली।
वहीं कार्यक्रम में शामिल सीटीओ, एएनओ, जीसीआई एवं पीआई को एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद करने और उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से सीखने का अवसर मिला। विद्यालय परिवार की ओर से ब्रिगेडियर अरुण उनियाल का विशेष सम्मान एवं अभिनंदन भी किया गया।
एनसीसी विद्यार्थियों में नेतृत्व और अनुशासन विकसित करने का माध्यम : राजेश चंद्र मिश्रा
विद्यालय के सचिव इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और देशहित में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रधानाचार्य निखिल रंजन ने कहा कि विभिन्न विद्यालयों से आए कैडेट्स, सीटीओ, एएनओ, जीसीआई एवं पीआई की सहभागिता कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि रही। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आपसी समन्वय, भाईचारा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
एनसीसी गीत और देशभक्ति के नारों से गूंजा परिसर
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इसके बाद एनसीसी गीत की प्रस्तुति हुई। एनसीसी गीत के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।
समापन के अवसर पर कैडेट्स ने पूरे जोश के साथ “35 बिहार बटालियन एनसीसी की जय”, “भागलपुर ग्रुप की जय” एवं “भारत माता की जय” के उद्घोष किए। देशभक्ति के नारों से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में शामिल लगभग 200 एनसीसी कैडेट्स तथा 100 सीटीओ, एएनओ, जीसीआई एवं पीआई के लिए एनसीसी ग्रुप कमांडर का यह दौरा एवं संवाद कार्यक्रम प्रेरणादायी और यादगार रहा। कार्यक्रम ने युवाओं को यह संदेश दिया कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना से सशक्त युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं।
















