


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जिले की गौशालाओं में पशुओं की देखभाल व्यवस्था कितनी दुरुस्त है, चारा-पानी मिल रहा है या नहीं और सफाई से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक की स्थिति कैसी है। इन तमाम बिंदुओं की पड़ताल के लिए पशुपालन विभाग के निदेशक उज्ज्वल कुमार सिंह, IAS ने शुक्रवार को जिले की विभिन्न गौशालाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गौशालाओं में मौजूद पशुओं के रख-रखाव, चारा-पानी, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, भागलपुर, जिला पशुपालन पदाधिकारी (DAHO) समेत संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
जिला पशुपालन पदाधिकारी ने निदेशक को गौशालाओं के संचालन और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही पशुपालन विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं, उनके क्रियान्वयन और पशुपालकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी साझा की गई। निदेशक ने योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान निदेशक ने गौशालाओं में पशुओं की समुचित देखभाल, स्वच्छता, पर्याप्त चारा-पानी और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं का लाभ संबंधित लोगों तक समय पर पहुंचे और योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का उद्देश्य गौशालाओं में पशुओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ पशुपालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना है।
















