


नवगछिया। रंगरा प्रखंड क्षेत्र के एक विद्यालय में शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार और कथित तौर पर अश्लील भाषा का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। विद्यालय के ही एक कर्मी के विरुद्ध शिक्षकों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
शिक्षकों द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में कार्यरत संबंधित कर्मी आए दिन शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। बातचीत के दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज और अश्लील भाषा का भी प्रयोग किया जाता है। शिक्षकों का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से विद्यालय का शैक्षणिक एवं अनुशासनात्मक माहौल प्रभावित हो रहा है।
आवेदन में बताया गया है कि संबंधित व्यक्ति के व्यवहार को लेकर पूर्व में भी पंचायत के लोगों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से समझाने का प्रयास किया गया था। इसके बावजूद व्यवहार में सुधार नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
शिक्षकों ने बीईओ से पूरे मामले की जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है।

आवेदन की प्रतिलिपि संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी दी गई है। फिलहाल मामले में विभागीय स्तर पर जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
















