5
(2)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। छात्राओं की शिकायतें और समस्याएं अब सिर्फ आवेदन देकर इंतजार करने तक सीमित नहीं रहेंगी। समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर एसएम कॉलेज में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने हिस्सा लिया और कॉलेज प्रशासन ने उनकी समस्याओं को सुनने तथा निर्धारित समय-सीमा में समाधान की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत शुरू किए गए इस शिविर की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्य प्रो. निशा झा ने की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर छात्राओं के लिए अपनी समस्याओं को सीधे सामने रखने का प्रभावी मंच है। प्राप्त शिकायतों के त्वरित निपटारे का प्रयास किया जाएगा।
प्राचार्या ने छात्राओं को शिविर के उद्देश्य और इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित प्रावधान के अनुसार हर महीने के चौथे मंगलवार को महाविद्यालय में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।


कार्यक्रम का संचालन और विषय प्रवेश करते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर एवं टीएमबीयू के पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर ने कहा कि विद्यार्थियों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन के लिए राज्य सरकार की यह पहल महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि शिकायतों के निपटारे के लिए निर्धारित टाइम फ्रेम तय किया गया है और प्रावधान के अनुसार शिकायतकर्ता के आवेदन पर 30 दिनों के भीतर प्रभावी कार्रवाई की जानी है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल भी शुरू किया गया है।
छात्राएं अपनी समस्या या शिकायत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज कर सकती हैं। इसके अलावा टोल-फ्री नंबर 1100 पर फोन करके भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थी सहयोग शिविर के नोडल ऑफिसर डॉ. हिमांशु शेखर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं टीएमबीयू के प्रॉक्टर प्रो. मुकेश कुमार सिंह, डॉ. पृथा बसु, ईशा स्मिता सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: