


ढोलबज्जा के मिल्की टोला में विवाद के बाद मची अफरा-तफरी, डायल-112 की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
नवगछिया। कोसी पार ढोलबज्जा थाना क्षेत्र के मिल्की टोला वार्ड संख्या-1 में दो सौतनों के बीच हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए। मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे सास-ससुर के साथ भी मारपीट की गई। घायल महिला की पहचान निभा कुमारी, पति अखिलेश मंडल, के रूप में हुई है।

निभा कुमारी ने आरोप लगाया कि उसकी सौतन कंचन देवी ने उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में निभा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोशी की स्थिति में पहुंच गई। घटना की सूचना डायल-112 की टीम को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने पहले निभा कुमारी को पास के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसे होश में लाया गया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जाता है कि निभा कुमारी के पति अखिलेश मंडल हैदराबाद में टाइल्स का काम करते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात कंचन देवी से हुई। कंचन देवी पहले से शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने के बाद अखिलेश मंडल ने कंचन देवी से दूसरी शादी कर ली और उसे ढोलबज्जा स्थित अपने घर ले आए।

घर आने के बाद परिवार में आपसी विवाद के चलते अखिलेश मंडल की दोनों पत्नियां अलग-अलग रहने लगीं। पहली पत्नी निभा कुमारी अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ रहती है, जबकि दूसरी पत्नी कंचन देवी अपने साथ लाए दो बच्चों के साथ अलग रहती है। अखिलेश मंडल के माता-पिता भी अलग रहते हैं। एक ही घर में अलग-अलग चूल्हे जलने के बावजूद परिवार के सदस्यों के बीच विवाद बना रहता था।
इसी विवाद के बीच दोनों सौतनों में मारपीट हो गई। दोनों के बीच हो रही मारपीट को रोकने पहुंचे ससुर के साथ भी हाथापाई की गई। आरोप है कि छोटी बहू ने उनके कपड़े फाड़ दिए और उनके साथ मारपीट की। इस घटना में सास-ससुर के भी चोटिल होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम तत्परता से मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डायल-112 की पुलिस पदाधिकारी विभा देवी, चालक सिपाही बीपी यादव और महिला सिपाही सुप्रिया कौर की तत्परता से घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। फिलहाल निभा कुमारी समेत अन्य घायलों का इलाज नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है।
















