


नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर गलत अफवाह फैलाने के आरोप में एक युवक समेत तीन लोगों की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में तीनों के सिर में चोट लगी है। घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायलों की पहचान राघोपुर निवासी 18 वर्षीय सूदन कुमार, बुधन दास और 60 वर्षीय रोशन दास के रूप में हुई है। घायल पक्ष के अनुसार, गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक द्वारा गलत अफवाह फैलाए जाने की बात सामने आई थी। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। युवक को बचाने और मामले को शांत कराने पहुंचे दो अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान तीनों के सिर में गंभीर चोट आई।

घायल पक्ष ने मारपीट का आरोप सूरज कुमार, पिता पंकज दास, शर्मिला देवी, अरुण कुमार, प्रीति कुमारी, काजल देवी और विनोद दास पर लगाया है। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी परबत्ता थाना पुलिस को दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
















