


पूर्णिया । क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पूर्णिया में शुक्रवार को भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह एवं विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी, पूर्णिया के उप महानिरीक्षक श्री मधुकर अमिताभ के निर्देशानुसार कमांडेंट (प्रशासन) श्री जनार्दन मिश्रा की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर मध्य विद्यालय मधुबनी के प्रधानाचार्य श्री कन्हैया लाल मिश्रा, सरस्वती शिशु मंदिर की प्रधानाचार्य श्रीमती सरोज कुमारी एवं किड्जी जॉनी किड्स विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री त्रिदीप कुमार दास सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जवानों एवं बच्चों के बीच आत्मीयता, स्नेह एवं भाईचारे का भाव देखने को मिला। छात्राओं द्वारा जवानों की कलाई पर बांधी गई राखियों ने देश की सुरक्षा में समर्पित जवानों के प्रति समाज के सम्मान एवं विश्वास को और मजबूत करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर कमांडेंट श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी विश्वास, सुरक्षा और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का भी प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल अपने कर्तव्यों के निर्वहन के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। रक्षाबंधन जैसे पर्व इस भावना को और मजबूत करते हैं तथा ‘सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व’ के संदेश को समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम ने सुरक्षा बलों और समाज के बीच विश्वास, आत्मीयता एवं भाईचारे के संबंध को और मजबूत करने का सुंदर संदेश दिया।
















