5
(2)

@ साइबर ठगी, नशा, छेड़खानी और ट्रैफिक से लेकर संदिग्ध गतिविधियों तक पर रहेगी नजर।

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। शैक्षणिक संस्थानों को सिर्फ पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि भयमुक्त और सुरक्षित परिसर बनाने की दिशा में भागलपुर पुलिस ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को भागलपुर पुलिस और जिले के विभिन्न विद्यालयों व डिग्री महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मूल संदेश साफ रहा – ‘सुरक्षित परिसर, सुरक्षित विद्यार्थी और सशक्त समाज।’
बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर ने की। नगर पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस के अन्य पदाधिकारी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य इसमें शामिल हुए। बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर कई स्तरों पर रणनीति पर चर्चा हुई। छात्राओं की सुरक्षा, परिसर और उसके आसपास असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी, साइबर अपराध व ऑनलाइन ठगी से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों के पालन और विद्यार्थियों में सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
बैठक की खास बात यह रही कि पुलिस अधिकारियों ने केवल दिशा-निर्देश देने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि विभिन्न संस्थानों के प्राचार्यों से उनके परिसरों से जुड़ी सुरक्षा संबंधी वास्तविक समस्याओं, चुनौतियों और सुझावों की जानकारी ली। प्राचार्यों की ओर से उठाए गए बिंदुओं पर पुलिस स्तर से आवश्यक कार्रवाई और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया। साथ ही पुलिस और शिक्षण संस्थानों के बीच निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने पदाधिकारियों को शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा किसी शिकायत या समस्या की जानकारी मिलते ही त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


प्राचार्यों से भी कहा गया कि परिसर या उसके आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, सुरक्षा संबंधी समस्या अथवा अप्रिय घटना की जानकारी बिना देरी स्थानीय पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक में मौजूद प्राचार्यों ने अपने-अपने संस्थानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे पुलिस अधिकारियों के सामने रखे। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षण संस्थानों में सकारात्मक माहौल कायम रखने के लिए भागलपुर पुलिस के साथ पूर्ण सहयोग और समन्वय का भरोसा दिलाया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: