


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। गौशाला भागलपुर के सभागार में रविवार को ऐसा माहौल था, जहां शब्द कम और भावनाएं ज्यादा बोल रही थीं। भाजपा नेता एवं जिला विस्तारक आशीष रंजन उर्फ मोनू की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नम आंखों से उन्हें याद किया। सभागार में लगा भावपूर्ण श्रद्धांजलि बैनर हर आने-जाने वाले की निगाह ठहरा रहा था।
कार्यक्रम की शुरुआत आशीष रंजन उर्फ मोनू के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने की।

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि आशीष रंजन उर्फ मोनू संगठन के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने वाले कार्यकर्ता थे। पार्टी और संगठन को मजबूत करने में उनका योगदान हमेशा स्मरण किया जाएगा। उनके असामयिक निधन ने भाजपा परिवार के साथ-साथ समाज को भी गहरी क्षति पहुंचाई है।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच मोनू की संगठनात्मक सक्रियता और उनके सहज व्यवहार की चर्चा होती रही। कई कार्यकर्ताओं के चेहरे पर उदासी साफ नजर आई। माहौल ऐसा था मानो हर कोई अपने बीच से अचानक चले गए एक साथी की यादों को महसूस कर रहा हो।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री योगेश पांडेय, राजीव मुन्ना, राजेश टंडन, भागलपुर विधानसभा प्रभारी प्राणिक वाजपेयी, विनोद सिन्हा, प्रणव दास, संदीप शर्मा, हेमंत शर्मा सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में एक ही भाव प्रमुखता से उभरकर सामने आया – मोनू भले ही अब साथ नहीं हैं, लेकिन संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी यादें और योगदान लंबे समय तक जीवित रहेंगे।

















