


@ राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल भवन में आयोजित प्रतियोगिता में बालक वर्ग में 14 और बालिका वर्ग में 3 अंकों से हुआ फैसला।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर रविवार को खेल भवन, भागलपुर में कबड्डी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जोरदार दमखम दिखाया। खेल विभाग, बिहार एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला भागलपुर सदर और रामकृष्ण विद्या मंदिर, रणनुचक के बीच हुआ। दोनों टीमों के बीच मुकाबला रोमांचक रहा, लेकिन निर्णायक क्षणों में भागलपुर सदर के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए रामकृष्ण विद्या मंदिर की टीम को 14 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल में कहलगांव और पीरपैंती की टीम आमने-सामने थी। कड़े संघर्ष वाले इस मुकाबले में कहलगांव की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पीरपैंती को 3 अंकों से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान जिला कबड्डी संघ के राजेश कुमार, रविकांत रंजन, अशोक कुमार, मणिभूषण शर्मा, अशोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में जिला खेल पदाधिकारी मोहम्मद शमीम अंसारी, लिपिक मृणाल किशोर, सहायक आमिर खान, गृहरक्षक सुनील शर्मा एवं सुनील कुमार शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मैच के तकनीकी पदाधिकारी के रूप में ऋतिक कुमार, सिकंदर विश्वकर्मा, रमन कुमार और प्रशांत ने जिम्मेदारी संभाली, जबकि स्कोरिंग का कार्य रणधीर सुमन सहित अन्य ने किया।

















