5
(1)

संत रविदास विकास शिविर में अधिकारियों ने गांव पहुंचकर सुनी समस्याएं, राशन कार्ड से लेकर आवास व आयुष्मान कार्ड तक लिए आवेदन

पूर्णिया । सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब अनुसूचित जाति और महादलित टोले के लोगों को बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। प्रशासन की ओर से गांव-गांव लगाए जा रहे संत रविदास विकास शिविर के माध्यम से अधिकारियों की टीम खुद लोगों के बीच पहुंच रही है। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए मौके पर ही आवेदन लिए जा रहे हैं।

पूर्णिया ईस्ट प्रखंड के अनुसूचित टोले में आयोजित संत रविदास विकास शिविर के निरीक्षण के दौरान विधायक विजय खेमका ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों से प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवार किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहें।

राशन कार्ड से लेकर आवास तक के लिए लिए गए आवेदन

राजीगंज पंचायत के गरिया महादलित टोला स्थित सामुदायिक भवन तथा चांदी पंचायत के गुमटी टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में लगाए गए शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों की ओर से राशन कार्ड, आवास, वासभूमि-पर्चा, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, आयुष्मान/स्वास्थ्य कार्ड तथा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन दिए गए।

विधायक ने अधिकारियों से कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि पात्र लोगों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना है। इसलिए प्राप्त आवेदनों की जांच और प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

‘अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ’

विधायक विजय खेमका ने कहा कि महान संत रविदास ने समाज को समानता, ममता और प्रेम का संदेश दिया था। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ अनुसूचित जाति और महादलित टोले में रहने वाले परिवारों को उनके अधिकार और हक से जुड़ी योजनाओं का लाभ उनके दरवाजे तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है।

हर गुरुवार अलग-अलग टोलों में लगेगा शिविर

विधायक ने बताया कि संत रविदास विकास शिविर अभियान के तहत पूर्णिया ईस्ट प्रखंड के अलग-अलग अनुसूचित जाति टोलों में प्रत्येक गुरुवार को नियमित रूप से शिविर लगाए जा रहे हैं। यह अभियान 15 फरवरी 2027 तक चलाया जाना है।

उन्होंने संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर चल रहे इस अभियान को सामाजिक समरसता और जनकल्याण की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया। उनका कहना था कि ऐसे शिविरों से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा योजनाओं का लाभ लेने में आने वाली व्यावहारिक परेशानियां भी कम हो रही हैं।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी, बीस सूत्री अध्यक्ष पानो देवी, मुखिया पति पिंटू सिन्हा, भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह, मनोज कुमार, मोनू, मोहित राय, अमित दास, मायारानी दास, शैलेंद्र शाह, निर्मल मेहता, रमन मेहता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: