


नवगछिया अनुमंडल के इस्माइलपुर प्रखंड की पश्चिमी भिट्ठा पंचायत स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, रामनगर में सेमेस्टर-1 के विद्यार्थियों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नए विद्यार्थियों को स्नातक पाठ्यक्रम, विषय चयन, पंजीयन और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों की जानकारी दी गई।

नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों ने उच्च शिक्षा में हो रहे बदलाव और करियर के बेहतर विकल्पों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। शिक्षकों ने क्रेडिट बेस्ड च्वाइस सिस्टम के तहत विषय चयन की प्रक्रिया समझाते हुए विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के आधार पर विषय चुनने की सलाह दी।
इतिहास के सहायक प्राध्यापक डॉ. विश्वनाथ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बदलती शिक्षा व्यवस्था के अनुरूप अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अर्थशास्त्र की सहायक प्राध्यापिका डॉ. मानसी माही ने कहा कि दियारा क्षेत्र के सुदूर इलाकों में भी विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुमार मंगलम ने किया। स्वागत डॉ. सुमित सुमन और धन्यवाद ज्ञापन तरुण कुमार ने किया। मौके पर डॉ. नफीसा नाज, ज्योति प्रकाश, सौरभ, रनेहा दास, निधि उपाध्याय सहित छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
















