


शिक्षक दिवस पर मां काली उच्च विद्यालय में विधायक ने छात्रों से किया संवाद, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

पूर्णिया। शिक्षक दिवस के अवसर पर पूर्णिया के मधुबनी स्थित मां काली उच्च विद्यालय में विधायक विजय खेमका ने छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षा और उसके उद्देश्य को लेकर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को महापुरुषों की पुस्तक, डायरी एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण करती है और उसे समाज तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने योग्य बनाती है।
उन्होंने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन महान दार्शनिक, शिक्षाविद और भारतीय संस्कृति के प्रखर चिंतक थे। उन्होंने देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं दूसरे राष्ट्रपति के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा और दर्शन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। शिक्षक दिवस देश के शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
विधायक ने छात्र-छात्राओं से नई शिक्षा नीति तथा सरकार की ओर से पठन-पाठन के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के क्षेत्र में उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को लेकर भी संवाद किया तथा उनके विचार जाने। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी राय रखी।
नशामुक्ति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर दिया संदेश

समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकतापरक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की ओर से नशामुक्ति पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से समाज को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
वहीं छात्राओं ने गीत-संगीत के साथ पारंपरिक झिझिया नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में लोक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। एक अन्य नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि आधुनिक दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग उपयोगी है, लेकिन इसके साथ मनुष्य को अपने दिमाग, विवेक और सोचने की क्षमता का अधिकतम उपयोग करना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य कमलेश्वरी प्रसाद मेहता, राजीव राय, गोपाल सिन्हा, सोनू सिंह एवं विनोद सिंहा सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह में विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा।















