


सावित्री पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को स्मृति चिह्न व उपहार देकर किया सम्मानित
नवगछिया। सावित्री पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने गुरुजनों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
छात्र-छात्राओं ने गुरु की महिमा पर आधारित गीत, नृत्य और प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षकों को उनकी निष्ठा, मार्गदर्शन और शैक्षणिक योगदान के लिए स्मृति चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। उनका दायित्व केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण कर उन्हें जीवन में सही दिशा दिखाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने की अपील की।
समारोह में विद्यालय के निदेशक राम कुमार साहू, सचिव कृष्ण कुमार साहू, प्रशासक सुमित कुमार, प्राचार्य अमित कुमार सिंह तथा मुख्य अतिथि नवगछिया नगर परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए मनोरंजक खेलों का आयोजन किया। शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया, जिससे समारोह का माहौल और खुशनुमा हो गया। अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं। उल्लास और सम्मान से भरा समारोह इसी के साथ संपन्न हुआ।
















