


सफलता से संस्थान में खुशी का माहौल, छात्रों ने मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया श्रेय
पूर्णिया। काझा कोठी स्थित शिवम हायर एजुकेशन फाउंडेशन नर्सिंग कॉलेज के कई विद्यार्थियों ने बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल कर स्टाफ नर्स पद पर चयनित होकर संस्थान का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों और अन्य विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है।

सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय कड़ी मेहनत, संस्थान के अनुशासित शैक्षणिक माहौल और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में चेयरमैन, डायरेक्टर और शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समय-समय पर मिले मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उन्हें लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों की सफलता पर संस्थान की डायरेक्टर नूतन गुप्ता ने बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य क्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ सेवा करते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन पंकज पटेल, डायरेक्टर नूतन गुप्ता सहित शिक्षक एवं कर्मचारियों ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।
















