0
(0)

शिक्षक दिवस पर सैकड़ों लोगों ने लिया महाप्रसाद, गुरुजनों ने सेवा श्री के प्रयासों की सराहना कर दिया आशीर्वाद

नवगछिया।
परम पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद से संचालित सेवा श्री नवगछिया की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को एनएच-31 स्थित सेवा श्री परिसर में विराट शिक्षक सम्मान समारोह एवं महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों के कई वरिष्ठ शिक्षकों, प्रोफेसरों, पूर्व प्राचार्यों एवं शिक्षाविदों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन परम पूज्य गुरुदेव के निर्देश और आशीर्वाद के अनुरूप किया गया।

समारोह में पूर्व प्राचार्य सुभाष चौधरी, पूर्व प्राचार्य सुरेंद्र बाबू, कॉलेज शिक्षक विजय बाबू, बनारसी लाल महाविद्यालय के शिक्षक मनिक सर, जीबी कॉलेज नवगछिया की शिक्षिका डॉ. रूपा डे, मदन अहिल्या कॉलेज की शिक्षिका डॉ. मीना कुमारी, विभांशु मंडल, नवगछिया हाई स्कूल के पूर्व शिक्षक कृष्णकांत सिंह, रुंगटा हाई स्कूल के शिक्षक विनोद बाबू, सावित्री पब्लिक स्कूल के संस्थापक राम कुमार साहू, बाल भारती विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह, प्रशासक डीपी सिंह, शिक्षक निसिस जी, तेतरी-पकरा हाई स्कूल के शिक्षक ललित मोहन जोशी, राजेश कुमार, प्रो. शिवशंकर मंडल, प्रो. गोपाल कृष्ण चौधरी, बनारसी लाल महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य, खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव यादव, प्रो. रामचंद्र भगत, नवगछिया हाई स्कूल में पदस्थापित रहे पूर्व शिक्षक विपिन सिंह, भारतेंदु सर सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सावन माह के दौरान प्रत्येक सोमवारी, बुधवार और शुक्रवार को डाक बम सेवा से जुड़े रहने वाले कन्हैया बम सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।

चरण वंदना से हुआ गुरुजनों का अभिनंदन

शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्वानों का श्रद्धापूर्वक अभिनंदन किया गया। अतिथियों के चरणों में पुष्प अर्पित कर, गले में अंगवस्त्र एवं फूलों की माला पहनाकर तथा कलम और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के प्रति आयोजन समिति ने कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को नमन किया।

सम्मान समारोह के बाद सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। शाम करीब छह बजे शुरू हुआ कार्यक्रम रात नौ बजे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही और देर शाम तक सेवा श्री परिसर में श्रद्धालुओं एवं आम लोगों की भीड़ बनी रही।

बच्चों में दिखा विशेष उत्साह

कार्यक्रम में बच्चों की भी विशेष भागीदारी रही। शिक्षक दिवस के अवसर पर वरिष्ठ शिक्षकों को एक साथ सम्मानित होते देख बच्चों में उत्साह और जिज्ञासा का माहौल रहा। आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि बच्चों को गुरुजनों के प्रति सम्मान, सेवा और संस्कार की भावना से जोड़ना भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य था।

सेवानिवृत्ति के बाद सम्मान मिलना सौभाग्य की बात : सुभाष चौधरी

कार्यक्रम में सम्मानित पूर्व प्राचार्य सुभाष चौधरी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद आम तौर पर शिक्षकों को इस तरह सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने के अवसर कम मिलते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के मौके पर उन्हें और अन्य वरिष्ठ शिक्षकों को आमंत्रित कर सम्मानित करना परम पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद और सेवा श्री की श्रद्धा का परिचायक है। उन्होंने इस सम्मान को अपने लिए सौभाग्य की बात बताया।

सेवा श्री की पहल की शिक्षकों ने की सराहना

पूर्व शिक्षक कृष्णकांत सिंह ने सेवा श्री में चल रही सेवा गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने परम पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से नवगछिया में इस प्रकार का आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में ऐसे कई शिक्षक भी एक मंच पर आए, जिनके योगदान से क्षेत्र की कई पीढ़ियां शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ी हैं, लेकिन समय के साथ जिनका सार्वजनिक रूप से स्मरण और सम्मान कम हो गया था।

रामदेव यादव ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन से न केवल शिक्षकों का सम्मान होता है, बल्कि नई पीढ़ी को भी गुरुजनों के प्रति आदर और कृतज्ञता की प्रेरणा मिलती है।

पूर्व प्राचार्य सुरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम में शामिल सेवा श्री के कार्यकर्ताओं और आयोजन से जुड़े लोगों को आशीर्वाद देते हुए सभी के मंगलमय भविष्य की कामना की। उन्होंने समाजहित में इस तरह की सेवा गतिविधियों को निरंतर जारी रखने की शुभकामना दी।

गुरुजनों के आशीर्वाद को बताया आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि

सेवा श्री की ओर से उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, विद्वानों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन समिति ने कहा कि गुरुजनों का सम्मान करना भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिक्षकों के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना ही इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।

समिति की ओर से सभी सम्मानित शिक्षकों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई तथा उन्हें भविष्य में भी सेवा श्री के कार्यक्रमों में आने का निमंत्रण दिया गया।

आयोजन से जुड़े लोगों ने कहा कि परम पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद और बजरंगबली की कृपा से सेवा श्री के माध्यम से सेवा और संस्कार का यह कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। शिक्षक दिवस पर आयोजित विराट सम्मान समारोह इसी सेवा भावना की एक कड़ी रहा, जिसमें गुरुजनों के सम्मान के साथ बड़ी संख्या में लोगों को महाप्रसाद भी ग्रहण कराया गया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: