


नवगछिया।
भागलपुर जिला योगा खेल संघ के तत्वावधान में नवगछिया अनुमंडल के उच्च विद्यालय लत्तीपाकर धरहरा में एक दिवसीय योगा खेल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को शारीरिक फिटनेस, योगा खेल तथा इसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देने के साथ खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से भी अवगत कराया गया।

जिला संयोजक घनश्याम प्रसाद ने विद्यार्थियों को योग और नियमित शारीरिक व्यायाम के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि योगा खेल के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शारीरिक क्षमता और अनुशासन को बेहतर कर सकते हैं। खेल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति के अवसर भी उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना की जानकारी देते हुए कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी स्तर पर रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को फिजिकल फिटनेस के विभिन्न अभ्यासों के साथ योगा खेल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को योग की विभिन्न गतिविधियों और खेल के दौरान आवश्यक शारीरिक संतुलन एवं फिटनेस के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य कुमारी विजया सिन्हा, खेल शिक्षक गुलाम मुस्तफा, बीजू मंडल, योगा के राष्ट्रीय खिलाड़ी सह कोच धर्मचंद भगत, मुकेश कुमार, ताइक्वांडो कोच मोनी कुमारी, अन्नू प्रिया, राहुल आनंद सहित अन्य शिक्षक, प्रशिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
















