


अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस पर सहयोग पूर्णिया ने लोगों को निशुल्क पौधे देकर किया जागरूक
पूर्णिया। नीले आसमान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर सहयोग पूर्णिया की ओर से बुधवार को आकाशवाणी रोड स्थित सहयोग प्रांगण में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहयोग के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान लोगों के बीच निशुल्क पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

अपने संबोधन में डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रत्येक वर्ष 7 सितंबर को नीले आसमान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य वायु प्रदूषण से उत्पन्न स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना और स्वच्छ वायु के महत्व को समझाना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम ‘जलवायु कार्रवाई के लिए स्वच्छ वायु’ है।

उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वायु प्रदूषण के कारण हर वर्ष लाखों लोगों की समय से पहले मौत होती है। इसका सीधा असर हृदय, फेफड़ों और श्वसन तंत्र पर पड़ता है। स्ट्रोक, हृदय रोग, फेफड़ों के कैंसर और तीव्र श्वसन संक्रमण जैसी गंभीर बीमारियों का जोखिम भी वायु प्रदूषण से बढ़ता है।
डॉ. सिंह ने कहा कि स्वच्छ वायु और स्वस्थ पर्यावरण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। अधिक से अधिक पौधरोपण कर हम वातावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने लोगों से पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सहयोग के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पौधों का वितरण करते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस अभियान में डॉ. केके चौधरी, डॉ. राजेश गोस्वामी, राजीव कुमार, राजा कुमार, अनुपम कुमार, गौरव, अंश, वैभव अक्ष, मनी गिरी गोस्वामी एवं प्रदीप कुमार का सहयोग सराहनीय रहा।
















