5
(1)

ग्रीन पूर्णिया के सदस्यों ने आर्ट गैलरी परिसर में किया पौधरोपण

पूर्णिया। बदलते मौसम चक्र और बढ़ते पर्यावरणीय असंतुलन के बीच ग्रीन पूर्णिया संस्था की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधरोपण अभियान चलाया गया। 6 सितंबर को संस्था के सदस्यों ने अग्निशमन कार्यालय के सामने स्थित नवनिर्मित आर्ट गैलरी परिसर में पौधे लगाए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ नेपाल में हाल में आई भीषण जलप्रलय पर भी चिंता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व ग्रीन पूर्णिया के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने नेपाल में आई जलप्रलय में जान-माल के नुकसान पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ग्रीनहाउस गैसों के बढ़ते उत्सर्जन से वैश्विक तापमान में वृद्धि हो रही है, जिसका असर मौसम चक्र और प्राकृतिक आपदाओं के रूप में सामने आ रहा है।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश, बादल फटने और अचानक बाढ़ जैसी घटनाओं की बढ़ती प्रवृत्ति पर्यावरणीय असंतुलन की गंभीर चेतावनी है। यदि समय रहते ग्रीनहाउस गैसों के प्रभाव को कम करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में मानव समाज को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण सबसे सरल और प्रभावी उपायों में से एक है। पौधे कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करने के साथ वातावरण को स्वच्छ रखने और तापमान नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की।

कार्यक्रम के अंत में ग्रीन पूर्णिया के सदस्यों ने आम लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाने का आह्वान किया। संस्था की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी लें। इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: