5
(1)

विधायक विजय खेमका ने जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर पंचायत एवं वार्डवार स्थिति उपलब्ध कराने को कहा

पूर्णिया । पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर जुलाई 2026 से अब तक आयोजित सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की विभागवार एवं पंचायत/वार्डवार स्थिति उपलब्ध कराने को कहा है। विधायक ने प्रशासन से यह जानकारी मांगी है कि अब तक कितने आवेदन प्राप्त हुए, कितने मामलों का निष्पादन किया गया और कितने आवेदन लंबित हैं। साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित मामलों की संख्या भी उपलब्ध कराने को कहा है।

विधायक ने कहा कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रखंडों की पंचायतों एवं नगर निगम के वार्डों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में आम लोगों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और योजनाओं से जुड़े आवेदन लिए जाते हैं। प्राप्त आवेदनों की प्रविष्टि सहयोग पोर्टल के साथ संबंधित विशेष रजिस्टर में की जाती है।

उन्होंने जिला प्रशासन से पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे जिले में अब तक प्राप्त कुल आवेदनों, निष्पादित आवेदनों एवं लंबित आवेदनों की विभागवार जानकारी मांगी है। विधायक ने विशेष रूप से न्यायालय से संबंधित मामलों को अलग रखते हुए वास्तविक रूप से लंबित आवेदनों की संख्या स्पष्ट करने को कहा है।

विजय खेमका ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने शिविर में आवेदन देने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आवेदन की प्राप्ति रसीद अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

विधायक ने नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिला पदाधिकारी से लंबित मामलों की स्पष्ट स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है। सहयोग शिविर, पंचायत विकास शिविर एवं संत रविदास विकास शिविर जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लोगों को उनके क्षेत्र में उपलब्ध कराना है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: