5
(1)

सशक्त स्थायी समिति की बैठक में सड़क, जलनिकासी, सफाई व प्रकाश व्यवस्था को लेकर कई अहम फैसले

पूर्णिया। नगर निगम सभागार में सोमवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई। बैठक में पूर्व की बोर्ड एवं सशक्त स्थायी समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। शहर के विकास से जुड़ी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र धरातल पर उतारने का निर्णय लिया गया। समिति सदस्यों की मांग पर नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने आश्वस्त किया कि अधिकांश लंबित कार्य अगले 15 से 20 दिनों के भीतर शुरू करा दिए जाएंगे।

आगामी गणेश पूजा, विश्वकर्मा पूजा, दुर्गापूजा समेत अन्य पर्वों को देखते हुए शहर में साफ-सफाई, जलनिकासी और सड़क व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया। महापौर ने अधिकारियों को जर्जर सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर मोटरेबल कराने तथा जनहित की अति आवश्यक योजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। जलजमाव वाले क्षेत्रों में 24 घंटे के भीतर जलनिकासी सुनिश्चित करने को कहा गया।

महापौर ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के साथ उनकी नियमित निगरानी भी जरूरी है।

निविदा प्रक्रिया में देरी पर जताई नाराजगी

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। समिति सदस्यों ने नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा तैयार मॉडल आरएफपी के तहत दो माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने का निर्णय लिया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि अधीक्षण अभियंता द्वारा तकनीकी कारणों का हवाला देकर निविदा प्रक्रिया को बार-बार रद्द किया जा रहा है। इस पर समिति ने नाराजगी जताते हुए अधीक्षण अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग को पत्र भेजने की अनुशंसा करने का निर्णय लिया।

शहर में जलजमाव के स्थायी समाधान के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज के दूसरे चरण, नालों पर ढक्कन और ट्रांसफर स्टेशन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।

बैठक में भट्ठा, खुश्कीबाग, मधुबनी एवं लाइन बाजार में मॉल निर्माण के लिए अर्बन डेवलपमेंट फंड, विद्युत शवदाह गृह को चालू कराने, सिटी फ्रंट घाट के विकास, छठ घाट एवं अन्य तालाबों के विकास, मिलनपाड़ा पार्क, डीएम कार्यालय पार्क एवं लॉ कॉलेज पार्क के सौंदर्यीकरण सहित कई योजनाओं को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

इसके अलावा नगर निगम की गाड़ियों के मेंटेनेंस एवं परिचालन, पांच फॉगिंग मशीन, दो डीप फ्रीजर एवं 50 कटर मशीन की खरीद, सरकारी विद्यालयों, पुस्तकालयों एवं मदरसों के लिए फर्नीचर व पुस्तकों की खरीद, एमआरएफ टेंडर के बाद कचरा निस्तारण कार्य शुरू कराने तथा लेगेसी वेस्ट के निस्तारण में तेजी लाने पर भी विचार किया गया।

पार्क, जिम, लाइट और वेंडिंग जोन पर भी जोर

शहर के विभिन्न हिस्सों में छोटे पार्क एवं जिम विकसित करने, पंचमुखी चौक स्थित वेंडिंग जोन को चालू कराने, खुश्कीबाग वेंडिंग जोन से अतिक्रमण हटाने और पिंक शौचालय निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई। इसके साथ स्ट्रीट लाइट, ऑक्टागोनल लाइट, हाईमास्ट लाइट, चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण, पुरानी लाइटों की मरम्मत एवं स्ट्रीट लाइट टेंडर से संबंधित कार्यों को शीघ्र आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि बोर्ड और सशक्त स्थायी समिति की बैठकों में जनहित में लिए गए निर्णयों का असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए। जनता से जुड़े विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य शहरवासियों को बेहतर सड़क, जलनिकासी, प्रकाश, स्वच्छता, पार्क सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने कहा कि पूर्व से लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा। पर्व-त्योहारों को देखते हुए सफाई और सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, स्वपन घोष, प्रदीप जायसवाल, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह एवं प्रधान सहायक उमेश यादव उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: