


महापौर विभा कुमारी ने विभिन्न मंदिरों में की पूजा-अर्चना, नगरवासियों के सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना
पूर्णिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रविवार को पूर्णिया शहर भक्तिरस में डूबा रहा। शहर के विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष पूजा-अर्चना, भक्ति जागरण एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण का दर्शन-पूजन किया और नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की। मंदिरों में पहुंचने पर पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं ने महापौर का आत्मीय स्वागत किया।

महापौर सबसे पहले फ्लावर मिल चौक स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचीं, जहां जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित भक्ति जागरण का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद महापौर श्री श्री 108 सार्वजनिक राधा-कृष्ण मंदिर, काली प्रसाद टोला, मधुबनी पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान श्री राधा-कृष्ण का दर्शन कर नगरवासियों के सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना।

महापौर ने उफरैल एवं ततमा टोली स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिरों में आयोजित जन्माष्टमी पूजा में भी हिस्सा लिया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया तथा सभी के जीवन में सुख, शांति एवं खुशहाली की कामना की। वहीं कृष्ण मंदिर चौक, ततमा टोली में पहुंचने पर मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बुके और अंगवस्त्र भेंटकर महापौर का स्वागत किया।
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हमें धर्म, सत्य, प्रेम, करुणा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से पूर्णिया नगर सहित पूरे क्षेत्र में सुख-शांति, सद्भाव एवं समृद्धि बनी रहे, यही उनकी कामना है।
उन्होंने शहरवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। महापौर ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों में शामिल होने से लोगों के बीच आत्मीयता और अपनत्व बढ़ता है। उन्होंने पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा मिले स्नेह, सम्मान और आत्मीय स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
मौके पर वार्ड पार्षद अंजनी साह, आतिश सनातनी, पार्षद प्रतिनिधि बहादुर यादव, मनोज साह, ललनेश सिंह, अमरेंद्र कुशवाहा, दिलीप चौधरी, नीतू दा, जितेंद्र सिंह, सोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
















