


गजल और सदाबहार गीतों की प्रस्तुति से श्रोताओं ने उठाया संगीत का आनंद
पूर्णिया। गुलाबबाग में आयोजित महागणपति चतुर्थी महोत्सव के 28वें वर्षगांठ के अवसर पर ‘भाई ग्रुप’ के तत्वावधान में ‘एक शाम गजल के नाम’ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गजल और सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मेला अध्यक्ष पप्पू पासवान के संबोधन और आशीर्वचन से हुआ। इसके बाद गणेश वंदना की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत हुई।

गणेश वंदना के बाद कलाकारों ने प्रसिद्ध फिल्म ‘तीसरी कसम’ के सदाबहार गीतों सहित कई लोकप्रिय नगमों की प्रस्तुति दी। ‘पान खाए सैंया हमारे’, ‘सजन रे झूठ मत बोलो’ और ‘दुनिया बनाने वाले’ जैसे गीतों के साथ देशभक्ति से ओतप्रोत ‘चिट्ठी आई है’ की प्रस्तुति ने भी श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया।
गजल गायक अंजेश आनंद और गायिका सुप्रिया राज ने अपनी सुरीली आवाज में विभिन्न गजलों और गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी गायकी पर उपस्थित दर्शक झूमते नजर आए। वाद्यवृंद पर संगीतकार संजय, पल्लवी बाप्पा, धर्मेंद्र और आशुतोष ने संगत दी।

कार्यक्रम का मंच संचालन उद्घोषक रोशन राज ने किया। सांस्कृतिक संध्या का संयोजन एवं आयोजन पूजा समिति के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी ‘छोटा बिहारी बाबू’ के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर स्वागत अध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी राजेश झा, उपाध्यक्ष सुनील सनी, वार्ड पार्षद राकेश राय, मेला प्रभारी अनिल शर्मा, समिति सदस्य अरविंद पासवान, अनिल राम, गुरुदेव पासवान, धीरज सिंह, संजय सिंह, दिलीप पोद्दार सहित बड़ी संख्या में समिति के कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
















