


लगातार बारिश के बीच नदी के जलस्तर में गिरावट, तटबंध सुरक्षित; कोसी बराज से पानी छोड़े जाने के बाद हल्की वृद्धि की संभावना
नवगछिया । लगातार बारिश के बावजूद गंगा और कोसी के जलस्तर में शुक्रवार को भी गिरावट दर्ज की गई। इस्माईलपुर-बिंदटोली और रंगरा-मदरौनी क्षेत्र में नदी का पानी कम हुआ है। विभाग ने सभी स्थानों पर तटबंधों को सुरक्षित बताते हुए स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही है।

इस्माईलपुर-बिंदटोली के स्पर संख्या-7 पर शुक्रवार को गंगा का जलस्तर 31.28 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में यहां जलस्तर में सात सेंटीमीटर की कमी आई है। इस स्थान पर खतरे का निशान 31.60 मीटर है। इस तरह गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 32 सेंटीमीटर नीचे है।
इधर, रंगरा प्रखंड के मदरौनी में कोसी का जलस्तर 30.45 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 12 घंटे में यहां जलस्तर में पांच सेंटीमीटर की कमी आई है। मदरौनी में कोसी का चेतावनी स्तर 30.48 मीटर और खतरे का निशान 31.48 मीटर है।

नवगछिया बाढ़ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार ने बताया कि कोसी बराज से पानी छोड़ा गया है। इसके प्रभाव से कोसी के जलस्तर में हल्की वृद्धि हो सकती है। हालांकि फिलहाल इससे किसी तरह की परेशानी की स्थिति नहीं है।
उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर तटबंध सुरक्षित हैं और विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। जलस्तर में होने वाले बदलाव पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
















