


सैकड़ों लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी दी गईं
नवगछिया। भारतीय जनता पार्टी जिला नवगछिया की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मदरौनी चौक पर एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मदरौनी और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों एवं जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों की ओर से मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य तल्लु बासुकी शामिल हुए। उन्होंने शिविर का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने आयोजन को लेकर जानकारी भी ली।
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आशुतोष कुमार और डॉ. मीना कुमारी ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्याओं को सुनकर आवश्यक परामर्श दिया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों के बीच आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया।

इस अवसर पर तल्लु बासुकी ने कहा कि भाजपा की ओर से ‘सेवा ही संगठन’ के मूल मंत्र के साथ सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना इस तरह के शिविरों का उद्देश्य है।
शिविर में भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद, पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, जिला महामंत्री मुरारी लाल चिरानिया, मंडल अध्यक्ष गौरव कुमार सिंह, रंजीत झा, बबलू चौधरी, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री नीतेश दास, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष नंद किशोर सिंह, नागरिक परिषद सदस्य दिनेश सिंह, अशोक यादव, जिला प्रवक्ता राकेश ठाकुर और अशोक सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। आयोजन के दौरान लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।

















