


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर जन सुराज ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को भागलपुर के मंगल उत्सव विवाह भवन में प्रशांत किशोर ने प्रमंडल के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने पार्टी प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन के 5 अक्टूबर को सुबह 10 बजे पूर्णिया में नामांकन की घोषणा की और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।
बैठक में शिक्षा, रोजगार और युवाओं को चुनावी मुद्दा बनाने पर जोर रहा। डॉ. रजनीश रंजन ने कहा कि नौकरी मांगने निकले युवाओं पर यदि लाठी चलती है तो पहले उनके शरीर पर चलेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की लड़ाई सड़क पर नहीं, बल्कि सदन में तर्क और आवाज के जरिए लड़ी जाएगी।

एमएलसी फंड पर भी उठाए सवाल
रजनीश रंजन ने एमएलसी फंड के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्नातक एमएलसी की प्राथमिकता सड़क नहीं, बल्कि लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षा केंद्र और शैक्षणिक सुविधाएं होनी चाहिए। उन्होंने विक्रमशिला और टीएनबी कॉलेज की शैक्षणिक विरासत का उल्लेख करते हुए भागलपुर के स्नातकों की समस्याओं को प्रमुखता देने की बात कही।
अपराध, बाढ़ और चुनाव आयोग पर प्रशांत किशोर का हमला
प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार को अपराध, बेरोजगारी और बाढ़ के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने मतदाता सूची, चुनाव प्रक्रिया, धनबल और मतगणना में पारदर्शिता की जरूरत बताई।
उन्होंने मतदाताओं से जाति और धर्म के बजाय शिक्षा, रोजगार और बच्चों के भविष्य जैसे मुद्दों पर मतदान करने की अपील की। जन सुराज अब 5 अक्टूबर के नामांकन कार्यक्रम को चुनावी अभियान की अगली बड़ी गतिविधि के रूप में देख रहा है।

















