


नवगछिया। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के जाह्नवी घाट पर नाव एवं कार्गो के सुरक्षित परिचालन को लेकर गुरुवार को नवगछिया के पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण किया। विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने के मद्देनजर जलमार्ग से बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए एसपी ने घाट की सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाट पर यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था, नाव और कार्गो के परिचालन तथा सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि घाट पर आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और यात्रियों के आवागमन को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए।

एसपी ने नाव एवं कार्गो के परिचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परिचालन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। यात्रियों की संख्या, नावों के परिचालन और घाट पर भीड़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया।
घाट पर पुलिस बल की तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए जाह्नवी घाट पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मियों द्वारा घाट और नाव परिचालन क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में यात्रियों के आवागमन को नियंत्रित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस बल को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस प्रशासन की ओर से घाट पर आने वाले यात्रियों से भी सुरक्षा नियमों का पालन करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन का उद्देश्य जलमार्ग के माध्यम से लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने एसपी को घाट की मौजूदा व्यवस्था और नाव एवं कार्गो परिचालन से संबंधित जानकारी दी। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
















