0
(0)

बिहपुर और गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्यालय-महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया भाग, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल

नवगछिया। मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को एसवीईईपी कार्यक्रम के तहत अनुमंडल सभागार, नवगछिया में निबंध लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 152-बिहपुर और 153-गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के निर्वाचन साक्षरता क्लब से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

प्रतियोगिता में दोनों विधानसभा क्षेत्रों से निबंध लेखन और क्विज प्रतियोगिता के पांच-पांच विजेताओं का चयन किया गया। इस प्रकार कुल 20 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा के आधार पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए स्थान हासिल किया।

152-बिहपुर विधानसभा क्षेत्र की निबंध लेखन प्रतियोगिता में मौसम कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रोजी कुमारी द्वितीय, शुभांगी कश्यप तृतीय, साक्षी कुमारी चतुर्थ और साज कामरानी पांचवें स्थान पर रहीं। वहीं, क्विज प्रतियोगिता में अपराजिता कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। सत्यम कुमार दूसरे, सीता कुमारी तीसरे, चिंकी कुमारी चौथे और बेबी कुमारी पांचवें स्थान पर रहीं।

इसी प्रकार 153-गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र की निबंध लेखन प्रतियोगिता में निधि कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयुषी कुमारी द्वितीय, शिवानी कुमारी तृतीय, पूजा कुमारी चतुर्थ और राजनंदनी पांचवें स्थान पर रहीं। क्विज प्रतियोगिता में प्रिंस कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वैष्णवी कुमारी दूसरे, दिवाकर कुमार तीसरे, सत्यम कुमार चौथे और तेजप्रताप शर्मा पांचवें स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता का आयोजन दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों तथा अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में अवर निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी मनीष कुमार, निर्वाचन साक्षरता क्लब समन्वयक आलोक कुमार अकेला और काजल कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आयोजन के दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में मतदान के महत्व, मतदाता अधिकारों, चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति समझ विकसित होती है। युवाओं को लोकतांत्रिक गतिविधियों से जोड़ना तथा उन्हें जागरूक मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: