
मखाना चुनकर घर लौट रहे थे लोग, तेज गति के कारण चालक के संतुलन खोने की बात आई सामने; घायलों का रंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ उपचार
नवगछिया। रंगरा प्रखंड के मदरौनी चौक स्थित अर्जुन कॉलेज के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर पिकअप वाहन पलटने से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रंगरा पहुंचाया गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से कुछ देर के लिए अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद चिकित्सकों ने बारी-बारी से सभी घायलों का उपचार किया।

घायलों में कटिहार जिले के काढ़ागोला क्षेत्र के जोनिया ठाकुरबाड़ी निवासी कमल महतो के पुत्र सुबोध महतो, उनके भाई मनोहर महतो, क्रांति महलदार और अखिलेश महतो शामिल हैं। वहीं, रंगरा प्रखंड के चापर दियारा निवासी राजेश मंडल की पत्नी कौशल्या देवी, मंटू मंडल की पत्नी मुगो देवी, नंदकिशोर मंडल की पत्नी सीता देवी, उमेश दास की पत्नी नीलम देवी तथा पीपरपांती निवासी मनोज सिंह की पत्नी अमोला देवी सहित अन्य लोग घायल हुए हैं।
पसराहा से घर लौट रहे थे सभी
मिली जानकारी के अनुसार, सुबोध महतो, मनोहर महतो और क्रांति महलदार मखाना चुनने के काम से पसराहा गए थे। वहां से वे पिकअप वाहन पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चापर दियारा की कई महिलाएं भी भवानीपुर के पास घर जाने के लिए वाहन पर सवार हो गईं।
बताया गया कि मदरौनी चौक के समीप अर्जुन कॉलेज के पास तेज गति से चल रही पिकअप का चालक संतुलन खो बैठा, जिससे वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गया। हादसे में वाहन पर सवार एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
चालक वाहन छोड़कर फरार

घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर रंगरा थाना की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।















