
@ मुंगेर – मिर्जाचौकी फोरलेन और मोकामा – मुंगेर परियोजना की समीक्षा, भूमि अधिग्रहण व मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। मुंगेर – मिर्जाचौकी फोरलेन एवं मोकामा – मुंगेर सड़क परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त, मुंगेर-सह-भागलपुर प्रेम सिंह मीणा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने पैकेज-01, पैकेज-02 एवं पैकेज-04 का निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने तथा पैकेज-03 के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया।

बैठक में दोनों परियोजनाओं की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, लंबित कार्यों और मुआवजा भुगतान की विस्तृत समीक्षा की गई। मुंगेर-लखीसराय क्षेत्र में लगभग 54 किलोमीटर की परियोजना के तहत बड़हिया के इंग्लिश क्षेत्र में 8 किलोमीटर तथा मुंगेर सीमा के निकट मसूदन क्षेत्र में 12 किलोमीटर, कुल 20 किलोमीटर सरकारी भूमि उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। आयुक्त ने इस भूमि पर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया।
रैयतों को जल्द मिले मुआवजा, लंबित मामलों का हो निष्पादन
आयुक्त ने भूमि स्वामित्व प्रमाण एवं एलपीसी से संबंधित प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कर रैयतों को शीघ्र मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। शेखपुरा जिले में बकाश्त भूमि से जुड़े 28 रैयतों के अधूरे दस्तावेज जल्द प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व कर्मियों की हड़ताल या अन्य कारणों से भूमि जांच, मापी एवं एलपीसी निर्गत करने का कार्य बाधित नहीं होना चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक अमीन एवं सक्षम कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा।
बैठक में आयुक्त के सचिव विनोद कुमार सिंह, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी अनिल राय, डीडीसी भागलपुर रवि राकेश, अपर समाहर्ता राकेश रंजन, NHAI के परियोजना निदेशक एवं एनटीपीसी कहलगांव के उप महाप्रबंधक उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मुंगेर, लखीसराय एवं शेखपुरा के जिलाधिकारी भी जुड़े।
अंत में आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान कर दोनों सड़क परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया।















