
सड़क मार्ग से आवागमन बाधित होने के बीच जलमार्ग से ससुराल पहुंच रहे नवविवाहित जोड़े, जहाज घाट पर दिखा शादी का उत्साह
नवगछिया। देवोत्थान एकादशी के बाद लग्न शुरू होते ही शादी-विवाह का सिलसिला तेज हो गया है। वहीं, भागलपुर और कहलगांव से नवगछिया की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर आवागमन बाधित होने के कारण गंगा नदी का जलमार्ग लोगों के लिए सहारा बना हुआ है। ऐसे में जहाज घाट पर नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन की जोड़ियां यात्रियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। शादी के बाद जलमार्ग से सफर कर रहे जोड़ों को देखकर लोगों को पुराने जमाने की ‘नदिया के पार’ की कहानी भी याद आ रही है।

गुरुवार को कहलगांव, तिनटंगा करारी और गंगा घाट से कई नवविवाहित जोड़े अन्य यात्रियों के साथ जहाज के माध्यम से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। शादी के बाद दुल्हन के साथ जहाज से सफर करते जोड़ों को देखकर घाट पर मौजूद लोगों की नजरें भी ठहर गईं। सड़क मार्ग से आवागमन बाधित होने के बीच जलमार्ग नवविवाहितों सहित अन्य यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण माध्यम बना हुआ है।
जीएस फेरी सेवा के संचालक गौरीशंकर उर्फ कन्हाय मंडल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए कहलगांव गंगा घाट से सुबह से ही दो जहाजों का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिचालन किया जा रहा है।
वहीं, तिनटंगा करारी के समाजसेवी एवं वार्ड प्रतिनिधि निर्मल कुमार यादव उर्फ नीरो यादव ने बताया कि यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से जहाज पर चढ़ाया और उतारा जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और आपदा मित्र की टीम लगातार सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।















