
रात 10 बजे के बाद डीजे, लाउडस्पीकर और तेज आवाज में संगीत बजाने पर प्रतिबंध, उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर होगी कार्रवाई
नवगछिया। देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाने, लाउडस्पीकर के शोर और सड़क पर लगातार आतिशबाजी से आम लोगों को होने वाली परेशानी को लेकर जीएस न्यूज़ द्वारा उठाई गई आवाज का असर दिखने लगा है। नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। नवगछिया पुलिस जिला की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि रात 10 बजे के बाद डीजे, लाउडस्पीकर, साउंड सिस्टम और तेज आवाज में संगीत बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

बताते चलें कि दो दिन पूर्व जीएस न्यूज़ ने नवगछिया क्षेत्र में देर रात तक डीजे बजाने, तेज आवाज में संगीत चलाने तथा सड़क पर लगातार आतिशबाजी किए जाने से आम नागरिकों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में बताया गया था कि देर रात तक तेज आवाज के कारण बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों, विद्यार्थियों और आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के दौरान देर रात तक तेज आवाज और आतिशबाजी से लोगों की नींद प्रभावित होती है तथा आसपास के इलाकों में परेशानी का माहौल बना रहता है।
जीएस न्यूज़ पर इस समस्या को उठाए जाने के बाद नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सख्ती का संदेश दिया है। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से डीजे संचालकों, लाउडस्पीकर संचालकों एवं आयोजनकर्ताओं को निर्धारित समय-सीमा और नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।
पुलिस के अनुसार, रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे, लाउडस्पीकर, साउंड सिस्टम तथा अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नियमों के विरुद्ध माना जाएगा। आयोजकों और संचालकों को निर्धारित समय-सीमा तथा ध्वनि संबंधी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
ध्वनि प्रदूषण से आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों एवं विद्यार्थियों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सभी आयोजकों एवं संचालकों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन के लिए सक्षम प्राधिकारी की लिखित अनुमति आवश्यक है। वहीं, रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग प्रतिबंधित है।
प्रेस विज्ञप्ति में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों तथा ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमावली, 2000 का हवाला देते हुए कहा गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई आयोजक अथवा संचालक निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन करते हुए रात 10 बजे के बाद डीजे, लाउडस्पीकर अथवा तेज आवाज में संगीत बजाते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस विज्ञप्ति में 25 नवंबर 2026 को नवगछिया थाना की गश्ती टीम को मिली सूचना का भी उल्लेख किया गया है। सूचना के अनुसार, एनएच-31 स्थित सम्राट अशोक प्रखंड कार्यालय, नवगछिया में अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था, जिससे आसपास के बच्चों, बुजुर्गों एवं विद्यार्थियों को काफी परेशानी हो रही थी। इस मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 481/26, दिनांक 26.11.2026, धारा 223, 292 एवं 270 भारतीय न्याय संहिता, धारा 15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 तथा धारा 9 बिहार लाउडस्पीकर के उपयोग एवं संचालन नियंत्रण अधिनियम, 1955 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
नवगछिया पुलिस ने थाना स्तर पर डीजे एवं लाउडस्पीकर संचालकों के साथ बैठक कर ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों और निर्धारित समय-सीमा के अनुपालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि ध्वनि प्रदूषण से संबंधित घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं नवगछिया पुलिस की इस पहल से देर रात तक होने वाले ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है। जीएस न्यूज़ द्वारा लगातार उठाए जा रहे जनसमस्याओं के मुद्दों के बीच पुलिस की यह कार्रवाई आम लोगों के लिए राहत की उम्मीद लेकर आई है।















