
नवगछिया। नवगछिया थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में फरार चल रहे अभियुक्त चंदन कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व में नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के समीप वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 8.8 किलोग्राम गांजा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया था। इस मामले में नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान अन्य अभियुक्तों की संलिप्तता सामने आने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही थी।

इसी क्रम में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में फरार चल रहे चंदन कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच करने के साथ शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चल रहे अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।
















