
नवगछिया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को तिनटंगा करारी स्थित गंगा नदी के प्रसिद्ध जहाज घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अहले सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सूर्योदय होते-होते घाट पर लोगों की भीड़ काफी बढ़ गई। देखते ही देखते पूरा घाट श्रद्धालुओं से भर गया। नवगछिया अनुमंडल के विभिन्न गांवों के साथ आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे गंगा स्नान के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने गंगा की पवित्र धारा में आस्था की डुबकी लगाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। स्नान के बाद लोगों ने गंगा तट पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। कार्तिक पूर्णिमा की परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने कार्तिक भगवान को लाई का भोग अर्पित किया। इसके साथ ही जरूरतमंदों को दान देकर पुण्य अर्जित किया। घाट पर सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया। गोपालपुर, इस्माईलपुर सहित नवगछिया अनुमंडल के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग जहाज घाट पहुंचे। आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। कई परिवार एक साथ गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। घाट पर हर ओर धार्मिक आस्था और भक्ति का वातावरण बना रहा।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। लोगों ने दान-पुण्य के माध्यम से पर्व की परंपरा को आगे बढ़ाया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जहाज घाट पर उमड़ी भीड़ से पूरे इलाके में उत्सवी माहौल देखने को मिला। दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और गंगा तट भक्ति एवं आस्था के रंग में सराबोर रहा।















